पांडातराई नगर की सड़कों पर 50 से अधिक निराश्रित गौवंश खुलेआम घूम रहे हैं। हादसे हो रहे हैं, किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, राहगीरों की जान जोखिम में है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की नींद नहीं खुली। कई बार लिखित आवेदन, सुशासन तिहार में शिकायत और लगातार निवेदन के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अब स्थानीय युवा, किसान और नगरवासी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो गए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे गए अंतिम चेतावनी ज्ञापन में साफ कहा गया है कि यदि 3 अगस्त 2026 तक नगर में गौशाला, कांजी हाउस या अस्थायी बाड़े की व्यवस्था शुरू नहीं की गई, तो 4 अगस्त को नगर की सड़कों पर घूम रहे 50 से अधिक निराश्रित मवेशियों को पकड़कर सीधे नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बांध दिया जाएगा। इसके बाद वहीं शांतिपूर्ण लेकिन जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि “जब प्रशासन समस्या को सड़क से नहीं हटा पा रहा है, तो जनता समस्या को उठाकर सीधे प्रशासन के दरवाजे तक पहुंचाएगी। अब अधिकारी भी उसी अव्यवस्था का सामना करेंगे, जिसे जनता रोज़ झेल रही है।”
ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, अव्यवस्था या मवेशियों की सुरक्षा संबंधी पूर्ण जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।
कई बार आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से अब आंदोलन आर-पार की लड़ाई का रूप लेता नजर आ रहा है।










