पांडातराई। सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर डोंगरिया जलेश्वर महादेव घाट में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों और कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। दूर-दराज़ के गांवों और नगरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।













