कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव चौकी पोडी पहुंचे।
इस दौरान चौकी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार एवं उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से चौकी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, आपराधिक गतिविधियों एवं अपराधों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकी में लंबित समस्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने कहा गया। इस दौरान चोरी के प्रकरणों की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आरोपियों की पतासाजी, चोरी गई संपत्ति की बरामदगी एवं विवेचना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेकर उनका त्वरित एवं उचित निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।
इस दौरान चौकी में संधारित आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया गया तथा चौकी भवन एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यकतानुसार निराकरण के लिए आश्वस्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने, आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत सक्रिय रहकर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









