दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा से कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा माननीय गृह मंत्री को दीपावली की हार्दिक बधाई दी गईं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनका मुंह मीठा कराया। उन्होंने अधिकारियों से आत्मीय संवाद करते हुए जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों में पदस्थ प्रभारियों से जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा, सजगता एवं समर्पण भाव से निरंतर कार्य करती रहेगी।








