कवर्धा, कबीरधाम जिले का प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रम भोरमदेव महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगतिरत होने के कारण इस बार कार्यक्रम की रूपरेखा में थोड़ा बदलाव किया गया है, ताकि महोत्सव के आयोजन की परंपरा अनवरत जारी रहे। महोत्सव स्थल को परिवर्तित करते हुए आयोजन बोड़ला रोड, ग्राम पंचायत छपरी में किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन 17 मार्च दिन मंगलवार को होने जा रहा है।
कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।उन्होंने मुख्य मंच, लाइटिंग, साउंड, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, दर्शक दीर्घा, पार्किंग स्थल की तैयारियों के लिए निर्देशित किया। कार्यक्रम स्थल पर समुचित बैरिकेडिंग, पेयजल और अस्थायी शौचालय तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संकेतक और पार्किंग में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाए। कार्यक्रम स्थल और पहुंच मार्ग की साफ सफाई और व्यवस्थित तैयारी के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि जिन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाए।











